बिहार के सभी स्कूल अब सुबह 9:30 से शाम 4:00 तक संचालित होंगे - शिक्षा विभाग का नया निर्देश

Aditya Raj June 27, 2025 06:25 PM IST

बिहार शिक्षा विभाग ने आदेश जारी किया है कि 22 जून 2025 से राज्य के सभी प्रारंभिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों का संचालन सुबह 9:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक होगा। गर्मी की छुट्टियों के बाद समय में परिवर्तन किया गया है। इससे पहले स्कूल 6:30 बजे से 12:30 बजे तक चल रहे थे।

  • 22 जून 2025 से बिहार के सभी विद्यालय सुबह 9:30 से शाम 4:00 बजे तक संचालित होंगे।
  • पूर्व में विद्यालय 6:30 AM से 12:30 PM तक संचालित हो रहे थे।
  • यह निर्देश ग्रीष्मावकाश समाप्ति के बाद लागू होगा।
  • नया समय सभी प्रारंभिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों पर लागू होगा।

पटना, दिनांक 20 जून 2025: बिहार राज्य के शिक्षा विभाग ने एक नया निर्देश जारी किया है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि ग्रीष्मावकाश की समाप्ति के बाद राज्य के सभी विद्यालयों का संचालन अब नए समयानुसार किया जाएगा।

Advertisement
Advertisement

इससे पहले, विभागीय पत्रांक-064 दिनांक 04.04.2025 के तहत विद्यालयों को 07 अप्रैल 2025 से 01 जून 2025 तक प्रातः 6:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित करने का निर्देश दिया गया था। यह आदेश गर्मियों के मौसम को ध्यान में रखते हुए लिया गया था।

अब ग्रीष्मावकाश समाप्त होने के उपरांत, 22 जून 2025 से सभी स्कूलों का संचालन सामान्य समय पर वापस लौटेगा। इस हेतु शिक्षा विभाग ने विभागीय पत्रांक-2444 दिनांक 21.11.2024 के अनुसार निर्देश जारी किया है।

नए निर्देश के अनुसार, सभी राजकीय/राजकीयकृत प्रारंभिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालय अब प्रातः 9:30 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक संचालित होंगे। इस निर्णय से विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रशासन को पहले की तरह परिचालन में सहूलियत होगी।

इस आदेश की प्रतिलिपि माननीय मंत्री, विकास आयुक्त, सचिव, सभी प्रमंडलीय आयुक्तों, निदेशकों, क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशकों, बीईओ, डीपीओ एवं संबंधित बोर्डों को सूचनार्थ भेजी गई है।

साथ ही, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को निर्देशित किया गया है कि वह इस सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें ताकि राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थानों को समय पर सही जानकारी प्राप्त हो सके।